Homeहिमाचलहिमाचल की महिला शक्ति के सामने भाजपा की चाल, चेहरा व चरित्र...

हिमाचल की महिला शक्ति के सामने भाजपा की चाल, चेहरा व चरित्र हुआ बेनकाब: पठानिया

डिप्टी चीफ व्हिप बोले, जयराम ठाकुर बताएं महिलाओं के 1500 रुपये क्यों रोक रही
भाजपा

विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया ने कहा
है कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा महिलाओं के आर्थिक
रूप से समृद्ध होने की राह का सबसे बड़ा रोड़ा हैं। वह नहीं चाहते कि पात्र महिलाओं के
हाथ में सीधा पैसा जाए। पूर्व जयराम सरकार ने अपने कार्यकाल में महिलाओं को ठगने
का काम किया, और अब उन्हें सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार से मिलने वाले अधिकार
को रोकने में जुट गए हैं। हिमाचल की महिला शक्ति के सामने भाजपा की चाल, चेहरा व
चरित्र बेनकाब हो चुका है।

उन्होंने कहा, नेता प्रतिपक्ष बताएं कि भाजपा महिलाओं के 1500 रुपये क्यों
रोकना चाहती है। विपक्षी दल के नेताओं को प्रदेश की महिलाओं का उत्थान क्यों पसंद
नहीं आ रहा। प्रदेश भाजपा को जनता को बताना चाहिए कि बीते 5 साल हिमाचल की
सत्ता में रहते महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए कौन-कौन से कदम
उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम इतना क्यों छटपटा रहे हैं। कुछ समय पहले तक वह
रोजाना महिलाओं को 1500-1500 रुपये देने की मांग करते आ रहे थे, अब सरकार ने
जब पूरी योजना अधिसूचित कर दी है, अगले वित्त वर्ष के लिए 800 करोड़ रुपये के बजट
का भी प्रावधान कर दिया है तो अचानक जयराम ठाकुर को क्यों इंदिरा गांधी प्यारी
बहना सम्मान निधि योजना चुभने लगी है।

पठानिया ने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में दिन-रात का अंतर है।
विपक्षी दल प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होते नहीं देखना चाहता।
भाजपा महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक ही समझती है। सुक्खू सरकार लाखों पात्र महिलाओं
को 1 अप्रैल 2024 से 1500 रुपये मासिक देने जा रही है तो भाजपा व नेता प्रतिपक्ष उसमें
अड़ंगा डाल रहे हैं। इससे जनता जान चुकी है कि भाजपा की नीयत में खोट है। आगामी
लोकसभा व विधानसभा उप-चुनाव में महिलाएं भाजपा को करारा सबक सिखाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!