2 दिसंबर को डॉ. प्रिति के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे अर्जुन अवार्डी विकास ठाकुर।

बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को राष्ट्रपति ने अर्जुन अवार्ड से दिल्ली में किया सम्मानित
हमीरपुर – हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के टौणीदेवी क्षेत्र से संबंध रखने वाले अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर 2 दिसंबर को डॉ. प्रिति के साथ लुधियाणा में परिणय सूत्र में बंधेंगे। वहीं 5 दिसंबर को वह अपने पैतृक टौणीदेवी के पटनौण गांव में शादी की अन्य रस्में पूरी करेंगे। अपने जीवन की नई शुरुआत करने से पूर्व बुधवार को देश की झोली में अनेकों पदक डालने वाले अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को शाम 4:00 बजे देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया। विकास ठाकुर वेटलिफ्टिंग में अर्जुन अवार्ड प्राप्त करने वाले हिमाचल प्रदेश के पहले खिलाड़ी बनेंगे। विकास ठाकुर को अर्जुन अवार्ड मिलने के बाद उनके प्रशंसकों में दोहरी खुशी का माहौल बना हुआ है। एक तरफ विकास ठाकुर को दिल्ली में अर्जुन पुरस्कार अवार्ड से नवाजने की खुशी का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ 2 दिसंबर को वह डॉ. प्रिति के साथ लुधियाणा में अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
बॉक्स
हमीरपुर के विकास खंड टौणीदेवी की बारीं पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विकास ठाकुर को राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया है। जिसके लिए देश व प्रदेश के लोग बधाई के पात्र हैं। वहीं दूसरी तरफ विकास ठाकुर डॉ. प्रिति के साथ 2 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं जिससे खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी पंचायतवासी अर्जुन अवार्ड मिलने व परिणय सूत्र में बंधने के लिए विकास ठाकुर व उसके परिवार को शुभकामनाएं देते हैं।