भाजपा नेत्रियों ने नामंजूर किया कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य का माफीनामा।

प्रदेश की भाजपा नेत्रियों ने कांग्रेस के युवा व तेज तर्रार विधायक विक्रमादित्य सिंह के माफीनामे को नामंजूर कर दिया है। रोहडू से उपजे विवाद पर भाजपा की महिला नेत्रियों द्वारा कांग्रेस विधायक पर लगातार तीखे हमले किए जा रहे हैं। सरकार की मंत्री सरवीण चौधरी ने साफ कहा कि मांगी गई माफी आम जनता को मंजूर नहीं है।

विक्रमादित्य को ये साफ करना चाहिए कि गोद में बैठने का मतलब क्या था। सरवीण चौधरी  ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को ये नहीं भूलना चाहिए कि उनकी मां प्रतिभा सिंह भी महिला हैं। दरअसल, शनिवार को रोहडू में कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आक्रामक होकर ये कह डाला था कि एक स्थानीय महिला भाजपा की तथाकथित नेत्री बनी हुई है, जो ठेकेदारों की गोद में बैठी हुई हैं।

वापस शिमला पहुंचने से पहले ही इस बयान पर बवाल मच गया। शिमला पहुंचते ही कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने माफी भी मांग ली, लेकिन भाजपा हाथ आए इस मुद्दे को आसानी से छोड़ना नहीं चाहती। कांग्रेस विधायक पर भाजपा की महिला नेत्रियों द्वारा ही हमले किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी  भी सामने आ गई।

खास बात ये है कि सरवीण चौधरी ने ये तक कह डाला कि रोहडू आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है। वहां की महिला को इस तरह का संबोधन करना निंदनीय है। मंत्री ने ये भी कहा कि ये एक आपराधिक मामला बनता है।