जमीनी विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर जानलेवा हमला।

प्रदेश के जिला मंडी के जोगिंदरनगर में जमीनी विवाद निपटाने पंहुची पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ है। पुलिस पर हुए पत्थराव मामले में पुलिस थाने के सब इंस्पैक्टर को गंभीर चोटें आई है और पांच घायल हुए है। दो पक्षों में हुए पत्थराव में पुलिस के जवान और कुछ ग्रामीण भी घायल हुए हैं। हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है।

मंडी जिला के जोगिंदरनगर में न्यायालय के आदेश पर जमीनी विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पत्थराव कर दिया। जिसमें पुलिस थाने के सब इंस्पैक्टर हेम राज सैनी समेत तीन अन्य पुलिस के जवानों सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यहां पर दो पक्षों में गहराए विवाद को देखते हुए पुलिस का कड़ा पहरा बिठा दिया है। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने गांव में पुलिस की कड़ी चौकसी बिठाते हुए हाई अलर्ट कर रखा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेरी के चिम्हणू गांव में दो भाईयों के जमीनी विवाद पर न्यायालय के द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना करवाने के लिए जैसे ही पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची तभी एक सिरफिरे व्यक्ति ने गांव की अन्य महिलाओं के साथ पुलिस पर पत्थराव कर दिया। जिसमें पुलिस के तीन जवान और थाने के सब इंस्पैक्टर को गंभीर चोटें आई हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस थाना जोगेंद्रनगर की तीनों पुलिस चोकियों की पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल की अगुवाई में घटना स्थल पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।