हमीरपुर में जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह, नारी सशक्तिकरण पर जोर

Description of image Description of image

हमीरपुर में जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह, नारी सशक्तिकरण पर जोर

हमीरपुर, 08 मार्च: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बनाल्ट क्रिकेट ग्राउंड, ललीण में जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुश्री इंदु गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बंदना योगी विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सदर आशीष शर्मा ने की।

नारी सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि नारी जीवन का आधार है और वह विभिन्न रूपों में समाज को सशक्त करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की और कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने कहा कि जल्द ही लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण मिलेगा, जिससे महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को ₹1500 देने की गारंटी पूरी नहीं की गई, जिससे जनता अब सरकार की हकीकत समझ चुकी है।

महिला मंडलों और बेटियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में शहरी भाजपा मंडल हमीरपुर की 130 महिला मंडलों को दरी व दलीचा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत दो गरीब बच्चियों को ₹1.5 लाख के चेक प्रदान किए गए। नारा पंचायत की 106 वर्षीय वृद्धा मनसा देवी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर सांसद इंदु गोस्वामी का संबोधन

राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति को और सशक्त बनाने के लिए भाजपा सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

नशे के खिलाफ महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर

विधायक बड़सर इंद्रदत्त लखनपाल ने महिलाओं से आह्वान किया कि अगर प्रदेश से नशे को खत्म करना है, तो माताएं अपने बच्चों को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति

इस अवसर पर अर्चना चौहान, श्रीपाल शर्मा, राजकुमारी ठाकुर, वीना शर्मा, रीना सिपहिया, मंडल महामंत्री राजेश ठाकुर, तेन सिंह सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।