तिरंगा यात्रा निकालने पर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह समेत 9 पर एफआईआर।

विधानसभा से ऐतिहासिक रिज मैदान तक तिरंगा यात्रा निकालने पर शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह समेत 9 कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी शिमला मोनिका भुटुंगुरू ने इसकी पुष्टि की है।

खालिस्तान के खिलाफ एक हजार मीटर लंबे झंडे के साथ निकाली थी तिरंगा यात्रा
मंगलवार को शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विधानसभा से ऐतिहासिक रिज मैदान तक तिरंगा यात्रा निकाली थी। एक हजार मीटर (एक किलोमीटर) लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई इस यात्रा में शामिल हुए लोगों ने भारत माता की जय और देश की एकता, अखंडता के नारे लगाए थे। इस दौरान खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए थे।

यह तिरंगा यात्रा अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के खिलाफ निकाली गई थी। पन्नू ने 29 अप्रैल को शिमला में खालिस्तान के झंडे फहराने की चेतावनी दी है।