गोकुल बुटेल ने युवाओं से हिमाचलियत को जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया
हिमाचल स्टूडेंट यूनियन के सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झनकार हिमोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
चंडीगढ़, 21 मार्च। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने वीरवार सायं पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में हिमाचल स्टूडेंट यूनियन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झनकार हिमोत्सव-हिमाचल एक झलक’ को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, परिश्रम और कार्यकुशलता की परंपरा को जीवंत बनाए रखें।
हिमाचल के युवाओं की कार्यकुशलता पर जोर
गोकुल बुटेल ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल के युवाओं को उनके परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा के लिए पहचाना जाता है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करें और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करें। उन्होंने आशा जताई कि हिमाचल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में भी सदैव अग्रणी रहेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुति को विशेष रूप से सराहा गया। उनकी धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और हिमाचली संगीत की मिठास को और प्रखर किया।
कार्यक्रम में विधायक एवं छात्र रहे शामिल
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में चंडीगढ़ में अध्ययनरत हिमाचली विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम ने न केवल हिमाचल की सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने का संदेश दिया, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए भी प्रेरित किया।