हमीरपुर (छयोड़ी) शिकारियों की गोली से बाइक सवार घायल।

हमीरपुर के छयोडी गाँव में शिकारियों की गोली से बाइक सवार युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चार स्थानीय युवक एक जंगली मुर्गे का शिकार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अपने दो साल के बेटे के साथ सड़क से जा रहा था। जैसे ही शिकारियों ने मुर्गे पर गोली चलाई, गोली के छर्रे बाइक पर जा रहे युवक को लगे। गोली के छर्रे पहले बाइक की हेडलाइट पर लगे, उसके बाद युवक की छाती पर लगे। गोली लगने के बाद शिकारियों ने युवक को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया। घायल युवक की पहचान रजनीश रांगड़ा निवासी ककड़ियार के रूप हुई है। मामले में गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसकी पहचान संदीप उर्फ काकी के रूप में हुई है, जोकि विजिलेंस में कार्यरत है। पुलिस ने घायल युवक व परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर अन्य सबूत भी जुटाए हैं।

सदर थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की हालत स्थिर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।