जन्दडू स्वास्थ्य उपकेंद्र में विगत एक साल से लगा है ताला।

स्वास्थ्य सेवाओं के कैंप लगाकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं विभाग द्वारा देने का दावा किया जा रहा है। लेकिन जहां पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं। वहां पर स्टाफ ही नहीं है। स्वास्थ्य जिला हमीरपुर के दूरदराज़ के स्वास्थ्य उप केन्द्रों में 1 साल से डॉक्टर और नर्स ही नहीं है।

यह कहना है समाजसेवी रविन्द्र सिंह डोगरा का जिन्हें सुजानपुर विधानसभा की जंदडू और चारियां दी धार पंचायत के लोगों ने शिकायत की कि जन्दडू स्वास्थ्य उपकेंद्र में विगत एक साल से ताला लगा है। शुक्रवार को रविन्द्र सिंह डोगरा लोगों की शिकायत पर जंदडू पहुंचे। रविंद्र सिंह डोगरा को वार्ड पंच फारमी देवी ने बताया कि इलाके के 10 गांवों के 5-6 हजार लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण किया गया है। लेकिन यह स्वास्थ्य केन्द्र 1 साल से बंद पडा है।

अगर एमरजैंसी में किसी को टीका भी लगवाना हो तो टैक्सी कर के 15-20 किलोमीटर दूर सुजानपुर या टौणी देवी जाना पड़ता है। जिससे कि क्षेत्र की जनता को समय के साथ-साथ धन की भी हानि होती है। ग्रामीणों के अनुसार इस बारे में विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार इस बारे में जानकारी दी लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है।

रविन्द्र सिंह डोगरा ने इस बारे में स्वास्थ्य विभाग हमीरपुर व सरकार से प्रार्थना की है कि जल्द से जल्द जंदडू उप केन्द्र में नर्स व डाक्टर की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को घर द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।