कमरूनाग झील हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध झीलों में से एक है, जून महीने में विशाल मेले का आयोजन।

बिलासपुर घुमारवीं: 12 जून 2022 हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, यहां के देव स्थानों के दर्शनों की अभिलाषा रखने वाला हर शख्स कमरुनाग जरूर जाना चाहता है। यह महाभारतकालीन स्थल के रूप में विख्यात है। कमरुनाग झील हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध झीलों में से एक है। यह झील मंडी घाटी की तीसरी प्रमुख झील है। यहां पर कमरुनाग देवता का प्राचीन मंदिर भी है।

जहां जून माह में विशाल मेले का आयोजन होता है। हिमाचल प्रदेश के मंडी नगर से 51 किलोमीटर दूर करसोग घाटी में स्थित कमरुनाग झील समुद्र के तल से लगभग नौ हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित है। देवदार के घने जंगलों से घिरी यह झील प्रकृति प्रेमियों को अभिभूत कर देती है। झील तक पहुंचने का रास्ता भी बहुत सुरम्य है और यहां के लुभावने दृश्यों को देखकर पर्यटक अपनी सारी थकान भूल जाता है,कमरुनाग झील के किनारे पहाड़ी शैली में निर्मित कमरुनाग देवता का प्राचीन मंदिर भी है,

दूर-दूर से आए लोग मनोकामना पूरी होने पर झील में करंसी नोट, हीरे जवाहरात चढ़ाते हैं। महिलाएं अपने सोने-चांदी के जेवर झील को अर्पित कर देती हैं। देव कमरुनाग के प्रति लोगों की आस्था इतनी गहरी है कि झील में सोना-चांदी और मुद्रा अर्पित करने की यह परम्परा सदियों से चली आ रही है। यह झील आभूषणों से भरी है। झील में अपने आराध्य के नाम से भेंट चढ़ाने का भी एक शुभ समय है।

जब देवता को कलेवा लगेगा अर्थात भोग लगेगा, तब ही झील में भेंट डाली जाती है। झील में करंसी, सोना, चांदी व गहने फैंके जाने का रोचक, रोमांचक और हैरतअंगेज नजारा यदि प्रत्यक्ष रूप से देखना हो तो पहली आषाढ़ की सुबह ही यहां पहुंच जाना चाहिए।

स्थानीय लोग कहते हैं कि झील में अरबों के जेवर हैं। झील में अरबों की दौलत होने के बावजूद सुरक्षा का कोई खास प्रबंध नहीं है। यहां पर सामान्य स्थितियों जितनी सुरक्षा भी नहीं है। लोगों की आस्था है कि कमरुनाग इस खजाने की रक्षा करते हैं। देव कमरुनाग मंडी जिला के सबसे बड़े देव हैं।
महाभारत के युद्ध की गाथा में एक कहानी आती है, बबरीक अथवा बबरू भान जिसे रत्न यक्ष के नाम से भी जाना जाता है, वह अपने समय का अजेय योद्धा था। उसकी भी इच्छा थी कि वह महाभारत के युद्ध में हिस्सा ले। जब उसने अपनी माता से युद्धभूमि में जाने की आज्ञा लेनी चाही तो मां ने एक शर्त पर आज्ञा दी कि वह उस सेना की ओर से लड़ेगा जो हार रही होगी।

जब इस बात का पता श्री कृष्ण को चला तो उन्होंने बबरीक की परीक्षा लेने की ठानी क्योंकि श्री कृष्ण को पता था हर हाल में हार तो कौरवों की ही होनी है। श्री कृष्ण ने ब्राह्मण का वेष धारण किया और बबरीक से मिलने जा पहुंचे। उसके तरकश में सिर्फ तीन तीर देख कर श्री कृष्ण ने ठिठोली की कि बस तीन ही बाण से युद्ध करोगे। तब बबरीक ने बताया कि यह एक ही बाण का प्रयोग करेगा और वह भी प्रहार करने के बाद वापस उसी के पास आ जाएगा। यदि तीनों बाणों का उपयोग किया तो तीनों लोकों में तबाही मच जाएगी।

वचन प्राप्त करते ही श्री कृष्ण ने अपना असली रूप धारण किया तथा उस योद्धा का सिर मांग लिया। बबरीक ने एक इच्छा जाहिर की कि वह महाभारत का युद्ध देखना चाहता है तो श्री कृष्ण ने उसका कटा हुआ मस्तक, युद्ध भूमि में एक ऊंची जगह पर टांग दिया, जहां से वह युद्ध देख सके। कथा में वर्णन आता है कि बबरीक का सिर जिस तरफ भी घूम जाता था, वह सेना जीत हासिल करने लग जाती थी। ये देख कर श्री कृष्ण ने उसका सिर पांडवों के खेमे की ओर कर दिया। पांडवों की जीत सुनिश्चित हुई। युद्ध की समाप्ति के बाद कृष्ण ने बबरीक को वरदान दिया कि तुम कलयुग में श्याम खाटू के रूप में पूजे जाओगे और तुम्हारा धड़ (कमर) कमरू के रूप में पूजनीय होगा।

यहां पहाड़ी पर देव कमरुनाग के रूप में स्थित है। बाद में जब पांडव यहां से अपनी अंतिम यात्रा के दौरान गुजरे तो वह कमरू से मिलने के लिए रुके।

जब कमरु ने कहा कि उन्हें प्यास लगी है, तब भीम ने अपनी हथेली का वार धरती पर किया और वहां एक झील उभर गई, जो आज कमरुनाग झील के नाम से विख्यात है। पांडवों के पास जो भी गहने थे वो इस झील में फैंककर फूलों की घाटी की ओर प्रस्थान कर गए। आज भी यह परम्परा है, जो भी यहां आता है वह सोना-चांदी, गहने या सिक्के इस झील को अर्पित करता है।

यहां के पुजारी बताते हैं कि यह झील पाताल लोक तक गहरी है और इसमें कई अरब का खजाना समाहित है। कई बार चोरों ने इसे लूटने की कोशिश भी की। मगर जो भी इस नीयत से आया वह अंधा हो गया और कुछ भी हासिल न कर पाया। पुरानी मान्यताओं के अनुसार एक बार एक ब्रिटिश व्यक्ति ने इस झील से सोना निकालने की कोशिश की थी लेकिन वह इसमें नाकामयाब रहा और काफी बीमार हो गया।

कमरुनाग मंदिर में ठंड के दिनों में जाना काफी मुश्किल होता है। इस वक्त पूरा इलाका बर्फ की मोटी चादर से ढंक जाता है। ऐसे में यहां केवल अनुभवी ट्रैकर ही पहुंचते हैं। मंदिर का आकार काफी छोटा है लेकिन फिर यहां हर साल आने वाले भक्तों की तादाद बढ़ती ही जाती है।

प्रभु कमरुनाग को बड़ा देव भी कहा जाता है तथा इनकी वर्षा के देवता के रूप में भी मान्यता है। सूखे की स्थिति में लोग कुल्लू, चच्योट, मंडी, बल्ह और करसोग आदि स्थानों से यहां आकर अच्छी वर्षा के लिए पूजा-अर्चना करते हैं।