कुल्लू – गिरफ्तारी वारंट लेकर गए पुलिस कर्मचारियों पर दराट से हमला, आरोपी गिरफ्तार।

पर्यटन नगरी मनाली के सरसेई गांव में रह रहे बिहार के एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने दराट से हमला कर दिया। इससे कांस्टेबल की बाजू, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

बिहार का संजय दास करीब दो दशक से सरसेई गांव में रह रहा है। सरसेई में उसकी फास्ट फूड की दुकान है। पत्नी से अनबन के कारण दोनों अलग रहते हैं। पत्नी के खर्चे के लिए बार-बार समन जारी होने के बाद भी अदालत में पेश नहीं हो रहा था। उपमंडलीय अदालत मनाली ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया।

अदालत के आदेश पर पतलीकूहल थाना से कांस्टेबल भूपेंद्र और मोहन बुधवार दोपहर को उसे गिरफ्तार करने सरसेई पहुंचे, लेकिन गुस्से में आगबबूले हुए बिहार के व्यक्ति ने पुलिस कर्मचारियों पर ही हमला बोल दिया। दराट के वार से कांस्टेबल भूपेंद्र को गर्दन, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

दोनों कर्मचारियों ने उसे काबू कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।