मंडी – बैठक में जा रहे 42 वर्षीय मंडल उपाध्यक्ष की मौत।

मंडी जिला में शुक्रवार को सड़क हादसों का दौर लगातार जारी है। ताजा घटनाक्रम में सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली-छतरी सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह शोधाधार के पास आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त होने से 42 व्यक्ति की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पुलिस थाना जंजैहली की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जंजैहली-छतरी जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित शोधाधार के समीप एक आल्टो कार (एचपी-32-बी-0746) गहरी खाई में गिर गई।

इस दुर्घटना में कार में बैठे जयप्रकाश (42) पुत्र कश्मीर सिंह गांव बाग डाकघर छतरी उप तहसील छतरी की मौके पर मौत हो गई। मृतक छतरी से थुनाग भारतीय जनता पार्टी सराज मंडल की बैठक में शामिल होने के लिए जा रहा था।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस थाना जंजैहली की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया है और पुलिस मामले में जांच कर रही है।

वहीं सराज के उपमंडल थुनाग में शुक्रवार को घटित सड़क दुर्घटना में स्थानीय व्यक्ति एवं सराज भाजपा मंडल उपाध्यक्ष जय प्रकाश की मृत्यु होने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। इसको लेकर सीएम ने अपने अधिकारिक फेसबुक और टि्वटर एकांउट पर पोस्ट सांझा की है।

जयराम ठाकुर ने सांझा की गई पोस्ट में लिखा कि सराज भाजपा मंडल में हमारे साथी एवं मंडल के उपाध्यक्ष जय प्रकाश की कार दुर्घटना में निधन का समाचार हम सबके लिए बहुत दुःखद है। भगवान उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें एवं उनके परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।