विधायक आशीष शर्मा ने शनिवार को ऐतिहासिक गांधी चौक पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वागत समारोह का आयोजन।

विधायक आशीष शर्मा ने शनिवार को ऐतिहासिक गांधी चौक पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वागत समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर हमीरपुर विधानसभा के हजारों लोगों समेत जिला भर से लोग मुख्यमंत्री के दीदार के लिए मौजूद रहे। इस दौरान सीएम के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विधायक आईडी लखनपाल, सुरेश कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांगड़ा बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पाठनियाँ और पूर्व जिलाध्य्क्ष राजेंद्र जार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जननायक हैं और ‘मैन इन एक्शन एन्ड कमिटमेंट’ हैं। उन्होंने कहा कि जो इच्छाशक्ति ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू में हैं वह दर्शाती है कि प्रदेश का भरपूर विकास होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष हमीरपुर बस अड्डा के निर्माण, इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाने कि मांग, ताल में वेटरनरी कॉलेज और गसोटा महादेव को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग रखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा की कार्यशैली को देखते हुए उन्हें जन सेवक की उपाधि दी। उन्होंने कहा कि ‘छोटे भाई आशीष शर्मा अजीज हैं और मेरी तरह ही गैर राजनितिक एवं सामान्य परिवार से राजनीति में आए हैं’। आशीष लोगों के कामों को करवाने के लिए देर रात तक सचिवालय में उनका इंतज़ार करते हैं। यह दर्शाता है कि वह लोगों के कामों के लिए गंभीर हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हमीरपुर के विकास के हर सम्भव मदद की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने विधायक की मांग पर हमीरपुर में बस अड्डा बनाने और इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की। साथ की ताल में कोई उचित संस्थान खोलने व गसोता महादेव को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने बारे भी विमर्श करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंची जनता, अथितियों व विभागीय अधिकारियों का विधायक आशीष शर्मा ने आभार व्यक्त किया है।