विधान सभा की लोक उपक्रम समिति 7 दिवसीय प्रवास पर पोर्ट ब्लेयर पहुँची
शिमला, हिमाचल प्रदेश विधान सभा की लोक उपक्रम समिति सभापति किशोरी लाल की अध्यक्षता में पिछले कल पोर्ट ब्लेयर पहुँची। अध्ययन प्रवास पर समिति सदस्य विपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र शौरी, भुवनेश्वर गौड़, सुरेश कुमार तथा विवेक शर्मा भी शामिल हैं। पोर्ट ब्लेयर पहुँचने पर समिति का स्थानीय प्रशासन द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। समिति ने अल्प विश्राम के बाद सेल्यूलर जेल का दौरा किया तथा इसकी विस्तृत जानकारी हासिल की। यह वही जेल है जहाँ अंग्रेजों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों को कैद किया जाता था तथा यातनाएँ दी जाती थीं।
समिति उसके उपरान्त दर्शनीय स्थल बाराटांग के लिए रवाना हुई तथा रास्तें में समिति ने स्थानीय ट्राईब्स के रहन-सहन तथा उनकी गतिविधियों को जानने की चेष्टा की तथा उनसे संवाद भी किया। समिति ने ऐतिहासिक बाराटांग स्थल का भ्रमण किया जहाँ स्पीड बोट के माध्यम से ही पहुँचा जा सकता है। समिति सदस्य विपिन सिंह परमार ने कहा कि अंडमान निकोबार अपने आप मे एक खूबसूरत केन्द्र शासित प्रदेश है जहाँ पर हजारों पर्यटक प्रतिवर्ष आकर अपना मनोरंजन करते हैं तथा इसकी खूबसूरती को निहारते हैं। उन्होने कहा कि यहाँ आने पर पर्यटक अपने आप को प्राकृतिक तथा स्वास्थ्य वर्धक जलवायु से जोड़कर तरोतराजा करते है।