पंजाब सरकार का बड़ा फैसला: 52 भ्रष्ट पुलिस अधिकारी बर्खास्त
पंजाब में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर 52 पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इससे पहले, दो दिन पहले मुक्तसर के डीसी को भी निलंबित किया गया था।
भ्रष्टाचार पर सरकार का अलर्ट मोड
पंजाब सरकार भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री मान ने राज्य में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या नेता अगर भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन – 9501200200 जारी की है। इस हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से लोग रिश्वतखोरी या अन्य भ्रष्ट गतिविधियों की ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग भेज सकते हैं, जिसके आधार पर सरकार त्वरित कार्रवाई करेगी।
भ्रष्टाचार रोकने के लिए कड़े निर्देश
दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली हार के बाद पंजाब में पार्टी प्रशासन पर सख्त कार्रवाई कर रही है। राज्य सरकार ने सभी डीसी, एसडीएम, एसएसपी और एसएचओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर नियंत्रण रखें। जो अधिकारी इस आदेश का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरकार की इस सख्ती से अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कार्रवाई से पंजाब में भ्रष्टाचार पर कितनी रोकथाम हो पाती है।