प्रदेश के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हर विधान सभा क्षेत्र में एक-एक कार्यक्रम होगा आयोजित-राजेंद्र गर्ग।

आजादी का अमृत महोत्सव के अन्र्तगत हर घर तिरंगा अभियान 13 से 15 अगस्त तक
हमीरपुर 22 जुलाई- खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मन्त्री राजेन्द्र गर्ग ने आज हमीर भवन में हर घर तिरंगा अभियान व प्रगतिशील हिमाचल प्रदेश के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जिला में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के सम्बध में जिला अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत जिले की सभी विधान सभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के आयोजन की तिथियां जल्द ही निर्धारित कर दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों द्वारा 75 वर्षों के विकास सफर को दर्शाती हुई प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदेश के विकास और प्रगति को दिखाया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि प्रदेश का विकास किस प्रकार हुआ। कहां से चले थे और कहां पर पहुंचे हैं, इसकी पूरी जानकारी लोगों के बीच पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि हर विधान सभा क्षेत्र में एक-एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विधान सभा क्षेत्रों में आज दिन तक जो भी विकास कार्य हुए हैं उन्हें प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आज से ही तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से भरमौर से इन कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। 20 अगस्त तक सभी कार्यक्रम पूरे कर लिए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता मंत्रियों तथा केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में 5 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित बनाई जाएगी ताकि लागों को जानकारी मिल सके कि प्रदेश ने 75 वर्ष का विकास सफर कैसे तय किया। उन्होंने बताया कि जिला में यह कार्यक्रम विधान सभा क्षेत्र हमीरपुर, विधान सभा क्षेत्र भोरंज का बस्सी में, विधान सभा क्षेत्र बड़सर का बिझड़ी में, विधान सभा क्षेत्र सुजानपुर और विधान सभा क्षेत्र नादौन में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त आजादी का अमृत महोत्सव के अन्र्तगत देशभर में आजादी का एक वातावरण तैयार किया जाए और युवा पीढ़ी भी आजादी की महत्तवता को जाने इसके लिए हर घर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घरों शैक्षणिक संस्थानों, तथा निजि प्रतिष्ठानों में जन भागीदारी से 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराया जायेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक भारतीय अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज तिरगें का वितरण पंचायती राज, स्वयं सहायता समूहों,आंगनवाड़ी, आशा वर्कर व अन्य माध्यमों से किया जायेगा।
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि जिले में सम्बन्धित एसडीएम सभी कार्यक्रमों की देखरेख करेंगे जबकि बीडीओ नोडल अधिकारी होंगे। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित करवाए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में कोविड वैक्सीन के 75 दिनों के व्यापक अभियान के दौरान सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की निशुल्क एहतियात डोज देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में एहतियात डोज 9 माह के अंतराल पर लगाई जाती थी। अब 6 माह के अंतराल में एहतियात डोज लगाई जा रही है।
इस अवसर पर विधायक एवं उपसचेतक कमलेश कुमारी, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा,जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, कौशल विकास निगम समन्वयक नवीन शर्मा,अध्यक्ष कांगड़ा कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक कमल नैन, आदर्श कांत, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा, समस्त एसडीएम, समस्त वीडीओ और सभी अधिकारी उपस्थित रहे।