उपमंडल अंब के तहत दियाड़ा में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में घायल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार निवासी दियाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को अशोक कुमार अपने घर से ड्यूटी के लिए पैदल फैक्टरी जा रहा था। दियाड़ा में सड़क के किनारे पैदल जा रहे अशोक कुमार को ऊना की तरफ से तेज गति से आ रही टक्कर मार दी। कार की टक्कर से घायल होकर अशोक कुमार नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। कार चालक के खिलाफ घटना के संबंध में मामला दर्ज की जांच शुरू कर दी है।