कुल्लू में UP का युवक गिरफ्तार:मनाली पुलिस की कार्रवाई, 266 ग्राम चिट्‌टा बरामद।

कुल्लू जिले की मनाली पुलिस ने UP के युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर नशा तस्करी करने का आरोप है। उससे 266 ग्राम चिट्‌टा बरामद हुआ है। मनाली पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया है।

आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विश्वजीत उर्फ आला निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से मनाली में ही रह रहा था और स्कूली बच्चों को भी चिट्टा उपलब्ध करवा रहा था। पुलिस मामले की कई एंगल से जांच पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि इस वर्ष के 4 महीनों में कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ 89 मामले दर्ज किए। 86 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें 82 पुरुष व 4 महिलाएं शामिल हैं। 50 किलो चरस, 3 किलो अफीम, 246 ग्राम हेरोइन, 35 किलो अफीम चूरा पोस्त बरामद किया है।