विधानसभा चुनाव में भाजपा काे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे : अनुराग शर्मा।

जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा हमीरपुर पहुंची, भाजपा की नाकामियों को बताया

हमीरपुर – कांग्रेस सेवादल की जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा शनिवार को हमीरपुर पहुंची। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश मुख्य संगठक अनुराग शर्मा सेवादल व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

होटल हमीर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुराग शर्मा ने कहा कि इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा ( चुनाव होंगे। इसके मद्देनजर इस यात्रा को निकाला जा रहा है।

अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बारे में जागरूक किया जा रहा और सरकार की नाकामियों को बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा काे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
अनुराग शर्मा ने बताया कि यात्रा का समापन 9 सिंतबर को धर्मशाला में होगा. 20 दिनों की इस यात्रा में लोगों को सरकार की नाकामियों के बारे में बताया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से देश में बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी पर केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा जा रहा है। उन्होंने कहा हर जगह पर यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग हमारी बातों को प्रमुखता से सुन रहे है। एक सवाल के जबाव में अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस के बीच समन्वय बना हुआ है। कांग्रेस सेवादल कांग्रेस को सत्ता में वापिस लायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस टिकट आवंटन के वक्त सेवादल के कार्यकर्ताओं को भी टिकट मिलने की पूरी संभावना है। इस मौके पर कांग्रेस जिला कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र जार, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर, शहरी इकाई अध्यक्ष शहंशाह, जिला कांग्रेस संगठक मदन लाल कौंडल, अजय शर्मा , सुक्रांत भाटिया और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।