जींद में सिर फोड़कर महिला की हत्या, मजदूरों के झगड़े में पति का कर रही थी बचाव।

जींद में एक मजदूर महिला की सिर में लठ मारकर हत्या कर दी गई। महिला ईंट भट्ठे पर काम करती थी। भट्ठे पर मजदूरों की शराब पीने के बाद बहस हो गई थी जिसने झगड़े का रूप ले लिया। महिला अपने पति का बीच बचाव कर रही थी जब झगड़ रहे एक मजदूर ने महिला पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने से महिला बुरी तरह से घायल हो गई। उसे तुरंत पहले सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले के अनुसार बिहार के नालंदा जिला के गांव गौरी वार्ड-12 निवासी सुद्यांत मांझी ने बताया कि वह, उसकी पत्नी चिंता मांझी और पांच बच्चों के साथ जींद के गांव दरियावाला में शिव कृपा भट्ठा कंपनी ईंट-भट्ठे पर रहता है। वह ठेकेदार अजीत के पास 5 माह से ईंट पाथने का काम कर रहे थे। इसी भट्ठे पर पटना जिले के शाहजहांपुर के मकसुदपुर निवासी उदय मांझी भी काम करता था।

22 मार्च की शाम को ठेकेदार द्वारा खर्चा-पानी देने के बाद शहर से सामान खरीदकर वह भट्ठे पर पहुंचे तो उदय ने उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। इसमें उदय ने लाठी के साथ उस पर वार किया तो उसकी पत्नी चिंता मांझी बीच में छुड़वाने के लिए आई। उदय ने चिंता मांझी के सिर पर लाठियों से प्रहार कर दिया। इसमें उसकी पत्नी चिंता मांझी गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शुक्रवार रात को वहां इलाज के दौरान चिंता मांझी की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने सुद्यांत की शिकायत पर उदय के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।