मोहाली, खरड़ में बदमाशों से मुठभेड़, आरोपियों ने की क्रॉस फायरिंग, गिरफ्तार

मोहाली में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आखिरकार मोहाली सीआईए टीम ने लॉन्डरां रोड पर 2 बदमाशों को घेर लिया और दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी के बाद बदमाश प्रिंस को दो गोलियां लगीं और वह घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी भी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने प्रिंस और उसके साथी करमजीत को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश प्रिंस राजपुरे का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी करमजीत हरियाणा के कुरूक्षेत्र का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि प्रिंस गेट तोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जब बदमाशों ने पुलिस को पीछा करते देखा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच गोली लगने से पुलिस की गाड़ी का अगला शीशा टूट गया, जिसके बाद पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस की फायरिंग में प्रिंस और उसके साथी घायल हो गए. जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

मुठभेड़ में प्रिंस को जांघ और घुटने में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि प्रिंस कार चोरी और रंगदारी के मामले में वांछित था और पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी। मोहाली के डीएसपी गुरशरण सिंह संधू ने बताया कि आरोपी प्रिंस 7 से 8 मामलों में वांछित था।