मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ‘डॉ. मनमोहन सिंह फैलो प्रोग्राम’ की पहल को सराहा, ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस को दी शुभकामनाएं
शिमला, 16 मई 2025:
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज सचिवालय में ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. शिखिन सोनी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. सोनी ने राजनीति में पेशेवर प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “डॉ. मनमोहन सिंह फैलो प्रोग्राम” की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
उन्होंने बताया कि यह फेलोशिप कार्यक्रम उन 50 होनहार और अनुभवी पेशेवरों को राजनीतिक क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है, जो अपने करियर के मध्य चरण में राजनीति में सक्रिय योगदान देना चाहते हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को इंटर्नशिप और राजनीतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस को शुभकामनाएं दीं और कहा,
“ऐसी योजनाएं युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं। यह देश में जिम्मेदार नेतृत्व को आगे लाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।”