सरकार कांग्रेस आलाकमान को घुमाने में व्यस्त, और मुख्यमंत्री के गृह जिला में कानून व्यवस्था पस्त: हमीरपुर भाजपा।

जहाँ एक ओर हिमाचल प्रदेश हाल ही में आयी प्राकृतिक आपदा से उभरने का प्रयास कर रहा था, वहीं इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना ने देवभूमि को गहरे जख्म दे डाले हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर की भोरंज विधानसभा में एक महिला के साथ हुई बर्बरता की घटना पर प्रतिकिया देते हुए ये बात भाजपा प्रवक्ता विक्रम बन्याल ने कही।

उन्होंने कहा कि जिस दौरान सरकारी मशीनरी कांग्रेस आलाकमान को डिजास्टर-टूरिज्म करवाने में व्यस्त थी, उसी वक़्त मुख्यमंत्री के गृह जिला और उन्हीं के चहिते एक विधायक के विधानसभा क्षेत्र में कानून की धज्जियाँ उड़ाई जा रहीं थी। हैरानी की बात तो ये है कि घटना के 15 दिनों तक भी पुलिस-प्रशाषन द्वारा पीड़िता की मदद करने की बजाय मामले को रफा-दफा करने की पुरजोर कोशिश की गई। जिस जिला की पुलिस अध्यक्षा स्वयं एक महिला हो, वहां पर पुलिस और सरकार का ऐसा रवैया वाकई हैरान कर देने वाला है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष आदर्शकान्त शर्मा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यूं तो कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने की बात करती है, लेकिन वक़्त आने पर वो ऐसी घटनाओं को छुपाने और दबाने का प्रयास करती है। पहले राजस्थान, छत्तीसगढ़ और अब हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार से कांग्रेस सरकारों की महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की पोल खुलती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान शर्मसार होना पड़ा था, जब एक बेटी के साथ हुई दरिंदगी को छुपाने में सारी-की-सारी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया था। यही कांग्रेस का असली चरित्र है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस रवैया का भाजपा कड़ा विरोध करती है और यदि अपराधियों पर जल्द-से-जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटा जायेगा।