गुलदारों से ज्यादा उत्तराखंड में सांप से बड़ा खतरा, 2023 में 162 लोगों को डंसा; 25 की मौत

उत्तराखंड में भले ही गुलदारों की दहशत दिख रही हो, लेकिन राज्य में गुलदार से ज्यादा सांपों का डर है। वर्ष 2023 में सांपों ने 162 लोगों को डंसा, जिनमें से 25 लोगों की मौत हो गई। वहीं गुलदार ने 116 लोगों पर हमला किया, जिमसें 18 की जान चली गई। इसे लेकर वन्यजीव विशेषज्ञ भी चिंतित हैं।

वन विभाग ने उत्तराखंड में वर्ष 2023 में हुई मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का डाटा जारी किया  है। इसके अनुसार, वर्ष 2022 में सांपों ने 143 लोगों को डंसा था जबकि 2023 में 162 लोगों को डंसा। यानी प्रदेश में सांपों के डंसने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बाघ की बात करें तो वर्ष 2023 में 26 लोगों पर हमला किया, जिसमें से 17 की मौत हो गई।

इसी तरह भालू ने 50 लोगों पर धावा बोला। हालांकि भालू के हमले में किसी की मौत नहीं हुई। वहीं हाथी ने इस अवधिी में 11 लोगों पर हमला किया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य में 2023 में मानव वन्यजीव संघर्ष में कुल 66 मौतें हुई हैं, जबकि 317 लोग हमले में घायल हुए हैं।

मानव वन्यजीव चुनौती
राज्य में मानव वन्यजीव संघर्ष सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसे लेकर लगातार वन विभाग और अन्य एजेंसियां काम कर रही हैं। गुलदार और बाघ की सबसे ज्यादा दहशत है। मैदानों में हाथी और सांप खतरा बनते जा रहे हैं।

पिछले साल मानव और वन्यजीव संघर्ष में 66 मौतें हुईं जबकि 317 लोग घायल हुए। सभी केसों में मुआवजे की कार्रवाई के साथ ही इनके कारणों का भी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि उनका निदान कर संघर्ष को कम किया जा सके। संघर्ष रोकने को टीमों की तैनाती सहित कई अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं।