ऊना : खाई में गिरी पत्थरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली, सात मजदूर घायल।

थाना अंब के तहत लडोली पंचायत के थड़ा गांव में उतराई में पत्थरों से लोड एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट नीचे खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सात प्रवासी मजदूर घायल हुए हैं।

गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर खाई में पलटते ही पेड़ों के बीच अटक गई। अन्यथा वहां पेड़ न होते तो ट्रैक्टर ट्राली और अधिक गहराई में लुढ़कने से जानि नुकसान भी हो सकता था। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उक्त मजदूरों के साथ ट्राली में पत्थर लोड करके थड़ा से पंजोआ की तरफ जा रहा था। इसी बीच थड़ा में ही उतराई पर ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर ट्राली समेत अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे करीब 20 फीट नीचे खाई में लुढ़कर पलट गई , और सवार सभी मजदूर ट्राली के नीचे दब गए।

वहीँ, घायल मजदूरों की पहचान मीना कुमारी (42), राजवीर (35), रंपा (30) , शोभाराम (46), अमित कुमार (18), परमेश्वर दास (45) उत्तर प्रदेश के रूप में हुई हैं। घायल मजदूरों को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत करने के बाद ट्राली से बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। यहां पर तीन मजदूरों की अधिक चोटें आने के कारण उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी अंब आशीष पठानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक बलजीत सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।