कोलकता के बाद अब असम में ट्यूशन पढऩे गई 14 साल की बच्ची के साथ गैंगरैप।

कोलकता के बाद अब असम में ट्यूशन पढऩे गई 14 साल की बच्ची के साथ गैंगरैप।

असम के नागांव जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए गैंगरेप की घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि लड़की जब ट्यूशन से घर लौट रही थी, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम सात बजे की है, जब स्थानीय लोगों ने लड़की को अर्धनग्न अवस्था में सड़क किनारे बेहोश पाया।

घटना की जानकारी मिलने पर, पुलिस ने लड़की को नागांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज और मेडिकल जांच के लिए पहुंचाया। नागांव के एसपी स्वप्निल डेका ने बताया कि महिला पुलिस अधिकारी द्वारा लड़की का बयान दर्ज किया गया है। लड़की के अनुसार, तीन लोगों ने उसके साथ यह घिनौना कृत्य किया। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की जांच जारी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि इस नाबालिग के साथ हुई घटना ने हमारी सामूहिक अंतरात्मा को आहत किया है। मुख्यमंत्री ने असम पुलिस के डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि वह घटनास्थल का दौरा करें और अपराधियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाएं।