HP में नहीं चलेगा BJP का हिंदुत्व कार्ड- विक्रमादित्य सिंह।

हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में जिस तरह से भाजपा मध्य भारत के साथ अन्य प्रांतों में हिंदुत्व का कार्ड चलाने की कोशिश करती है, वह हिमाचल में नहीं चलने वाला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को शिमला में मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि यहां देव समाज है, देव नीति है और हम पूर्वजों से देव समाज को मजबूत करते आए हैं तथा आगे भी करते आएंगे। इसे राजनीति दृष्टि से देखने की जरूरत नहीं है। यह हमारी आस्था है, हमारा विश्वास है, जो हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े हिंदू हम हैं और इसके लिए किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

धर्म को राजनीति से जोड़ने के न किए जाएं प्रयास
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा धर्म को राजनीति से जोड़ने का प्रयास करती है, जो सही नहीं है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्त्ता और पदाधिकारी पार्टी की रीढ़ हैं। छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत उतना ही रहा है, लेकिन हार-हार होती है, इसका असर भी होता है। हालांकि प्रदेश की परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्त्ताओं को हौसला रखना है तथा एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरना है।

केंद्र से प्रदेश को नहीं मिल रहा सहयोग
विक्रमादित्य सिंह ने एक सवाल के जवाब में आरोप लगाया कि केंद्र से प्रदेश को जो सहयोग मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को समझना चाहिए कि राजनीति अपनी जगह है और विकास एक निरंतर प्रकिया है। ऐसे में केंद्र सरकार विकास का समर्थन करते हुए प्रदेश की जनता को उसके हकों से वंचित न करे।