आज किसानों का रेल रोको आंदोलन, 4 घंटे तक रुकेगी ट्रेन

सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर किसानों का आंदोलन अब भी जारी है। इसी को लेकर किसानों का आज देश भर में रेल रोको आंदोलन अभियान चला रहे हैं। किसानों का ये रेल रोको आंदोलन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इस आंदोलन का असर हरियाणा और पंजाब में देखने को मिलेगा।

दोनों राज्यों के किसान 50 से अधिक जगहों पर रेल रोको आंदोलन कर रहे हैं। रेल यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। आंदोलन शुरु होने से पहले ही किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदर्शनकारी किसान फिरोजपुर, अमृतसर, रूपनगर, गुरदासपुर जिलों सहित पंजाब में कई स्थानों पर रेलवे पटरियों पर बैठेंगे। किसान नेता ने कहा कि 13 फरवरी को पंजाब-हरियाणा सीमा पर शुरू हुए आंदोलन के तहत हमने आज देशभर में ‘रेल रोको’ का आह्वान किया है। हम देश के सभी किसानों, मजदूरों और आम लोगों से आग्रह करते हैं कि वे बड़ी संख्या में आज ‘रेल रोको’ में हमारा समर्थन करें। हम उन लोगों से भी आग्रह करते हैं, जो आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच ट्रेन यात्रा करना चाहते हैं, वे आज 4 घंटे तक ऐसा न करें। आज लोगों को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। यह आंशिक ‘रेल रोको’ है।

आपको बता दें कि सरकार और किसानों के बीच चार दौर की वार्ता हो चुकी है लेकिन ये सभी बेनतीजा ही रही है। इसका अभी तक कोई हल नहीं निकल सका है। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दालों (अरहर, उड़द और मसूर), मक्का और कपास की गारंटीकृत खरीद की केंद्र की योजना को खारिज कर दिया है। डल्लेवाल ने कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी से भागना नहीं चाहिए। देश के किसानों को बचाने के लिए एमएसपी पर कानून बनाना चाहिए।