Pune Accident: महाराष्‍ट्र के पुणे में ट्रिपल एक्सीडेंट, 8 की मौके पर मौत, एक ही परिवार के 4 लोगों ने तोड़ा दम

  • महाराष्‍ट्र में नागपुर, अहमदनगर के बाद रविवार देर रात पुणे से मनहूस खबर
  • अहमदनगर-कल्याण हाईवे पर डिंगोर इलाके के अंजिराची बाग में ट्रिपल एक्सीडेंट
  • हादसे में ओटूर से कल्याण की ओर जा रही पिकअप ने रिक्शा और ट्रक को टक्कर मारी

महाराष्‍ट्र में नागपुर, अहमदनगर के बाद रविवार देर रात पुणे से भी मनहूस खबर आई। यहां अहमदनगर-कल्याण हाईवे पर डिंगोर इलाके के अंजिराची बाग में ट्रिपल एक्सीडेंट हो गया। इसमें कुल आठ लोगों की मौके पर ही मौत होने की शुरुआती जानकारी सामने आई है। इस हादसे में ओटूर से कल्याण की ओर जा रही पिकअप ने रिक्शा और ट्रक को टक्कर मार दी। पता चला है कि मरने वालों में पांच पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शाम‍िल हैं।

डिंगोर में हुए हादसे की जानकारी मिलते ही ओटूर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन कांडगे और उनकी टीम मौके पर पहुंची। बताया गया है कि पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों के साथ राहत कार्य जारी है। ओटूर पुलिस हादसे की आगे की जांच कर रही है और हादसे में मरने वालों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ओटूर लाया गया है।

मरने वालों में एक पति-पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं, जो क‍ि मढ़ में सब्जी का कारोबार करते थे। इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या आठ है। इनमें पांच पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। मृतकों के नाम गणेश मस्करे (उम्र 30 वर्ष), कोमल मस्करे (उम्र 25 वर्ष), हर्षद मस्करे (उम्र 4 वर्ष) काव्या मस्करे (उम्र 6 वर्ष) हैं।

कब हुआ हादसा?

अन्य मृतकों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई जारी है। उधर, शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा साढ़े दस से 11 बजे के बीच हुआ।

रविवार हादसों का द‍िन
रविवार सुबह नागपुर की एक सोलर कंपनी में विस्फोटक फटने से हुए हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद पुणे-नासिक हाइवे पर भी एक हादसा हुआ। जहां कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। अब पुणे जिले में भी अहमदनगर कल्याण हाईवे पर भीषण हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है और एक परिवार की जान चली गई है।