हिमाचल में वार्ड पंच का मर्डर: गर्म पानी के पतीले में धकेला।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के देहरा में बीती शाम को एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि देहरा पुलिस थाना के अंतर्गत नारी गांव में एक कार्यक्रम (मुंडन समारोह) के दौरान कुछ लोगों में कहासुनी हो गई। इस दौरान सूरजन सिंह ने सुरेंद्र कुमार को गर्म पानी के खोलते हुए पतीले में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सूरजन को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक सुरेंद्र कुमार (62) वार्ड पंच था। वह अपने पीछे दो बेटे छोड़ गया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, नारी गांव में बीती शाम को जुल्फी राम के घर पर मुंडन के दौरान बहस हुई।

पुलिस ने आरोपी सूरजन सिंह  को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूरजन सिंह ने तिलकराज को धक्का दिया। तब बीच बचाव करने आए सुरेंद्र कुमार और सूरजन सिंह में हाथापाई हुई।

सूरजन सिंह ने सुरेंद्र कुमार को जैसे ही धक्का दिया वह बगल में गर्म पानी के पतीले पर गिर गया, जिसमें सुरेंद्र कुमार बुरी तरह से झुलस गया। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए तलवाड़ा और बाद में दसूहा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए और कलमबद्ध किए जा रहे हैं।