मोगा में 17 साल की लड़की से गैंग रेप, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मोगा जिले के बाघापुराना कस्बे में 17 साल की नाबालिग लड़की का चार दिन पहले कार में अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और सुबह उसे घायल हालत में घर के पास फेंककर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता दुकान से सामान खरीदने आई थी। दरिंदों की हिम्मत इतनी थी कि लड़की की गंभीर हालत के बावजूद भी वो उसके साथ दरिंदगी करते रहे। बताया जा रहा है कि रेप करने वाले सभी आरोपी भी पीड़िता के गांव के ही हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी बाघा पुराना दलबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की के परिजनों के बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें से एक आरोपी लक्ष्मण सिंह है, गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लड़की का अपहरण गांव से ही किया गया है। पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे।