यमुनोत्री हाईवे पर सिलक्यारा सुरंग में कम नहीं हुई टेंशन, मलाबा हटाने में कितना लगेगा समय?

यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में निर्माणदायी कंपनी की ओर से अस्थाई रूप से काम शुरू कर दिया गया है। सिलक्यारा छोर से लगभग ढाई माह बाद सुरंग में काम चालू हुआ है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सुरंग में काफी पानी भरा है।

फिलहाल डिवाटरिंग का कार्य शुरू किया है। जबकि भूस्खलन से गिरे मलबा को हटाने में करीब पांच से छह महीने का समय लगेगा। इसके बाद ही सुरंग में पूरी तरह से काम चालू हो सकेगा। हालांकि, बड़कोट छोर से भी सुरंग का काम लगभग एक सप्ताह पहले ही शुरू हो चुका है।

बता दें कि सिलक्यारा सुरंग में बीते वर्ष 12 नवंबर दीपावली पर्व के दिन भूधंसाव के चलते 41 मजदूर अंदर फंस गए थे। करीब 17 दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किसी तरह मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला गया। केंद्र और राज्य सरकार सहित विदेशी एक्सपर्ट्स की मदद लेकर मजदूरों की जान बचाई गई।

इसके चलते सुरंग में काम बंद पड़ा था। लगभग 4.5 किमी लंबी सिलक्यारा सुरंग में चार किमी काम पूरा हो चुका है। भूधंसाव हादसे के बाद केंद्र सरकार की भी इस सुरंग के काम पर पैनी नजर है। अब लंबे समय बाद इस सुरंग में काम चालू हुआ है। देश की टॉप 10 सुरंगों में शामिल इस सिलक्यारा सुरंग में काम चालू होने से आने वाले समय में यमुनोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों और आम राहगीरों का सफर आसान होगा।

सुरंग के अंदर अस्थाई रूप से काम चालू हुआ है। मुहाने छोर से पानी भरने के कारण डिवाटरिंग का काम चालू है। भूधंसाव से जो मलबा अंदर पड़ा है, उसको साफ करने में पांच से छह महीने का वक्त लग सकता है। इसके बाद ही काम चालू किया जा सकेगा।